बांग्लादेश में एक बार फिर छात्रों के आंदोलन की सुगबुगाहट सुनाई पड़ रही है। राजधानी ढाका में हो रहे ‘मार्च फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए देशभर से छात्र सेंट्रल शहीद मीनार पहुंच रहे हैं। भेदभाव-रोधी छात्र आंदोलन (ADSM) समूह की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
ढाका यूनिवर्सिटी के कैंपस की ओर बढ़ते हुए छात्र जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान मारे गए छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। कार्यक्रम में शामिल होने आए छात्रों ने जमकर नारेबाज़ी की और सवाल उठाया है कि आंदोलन के दौरान सैकड़ों लोग मारे गए लेकिन उनके हत्यारे आजाद क्यों हैं?